BANKA NEWS: 51वें दिन आयोजित हुआ महिला संवाद कार्यक्रम — महिला सशक्तिकरण की ओर एक मजबूत कदम

ब्यूरो रिपोर्ट/ कुमार चंदन।
बांका:- बांका जिले में चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत आज 51वें दिन का आयोजन बाराहाट प्रखंड के खारहरा पंचायत के मेहिबाबा ग्राम संगठन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और जागरूकता को लेकर जिले में चल रही एक महत्वपूर्ण पहल का हिस्सा है। महिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत जिले के 11 प्रखंडों के 28 ग्राम संगठनों में की गई थी। आज तक चानन प्रखंड ने अपने सभी ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन कर लिया है, जबकि शेष 10 प्रखंडों में कार्यक्रम अभी भी जारी हैं। सोमवार को खारहरा पंचायत के कार्यक्रम में प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री अमरेश चन्द्र एवं क्षेत्रीय समन्वयक श्री विकास कुमार की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। सामुदायिक समन्वयक श्रीमती रिंकू कुमारी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए जीविका दीदियों से संवाद किया और कहा कि, “आज की महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। वे घर से लेकर देश तक का नेतृत्व कर रही हैं। देश की वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण और राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु इसका जीवंत प्रमाण हैं।”
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें शामिल हैं:
• सतत जीविकोपार्जन योजना
• मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना
• मुख्यमंत्री पोशाक योजना
• बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना
• महिला आरक्षण
• अक्षर आंचल योजना
• नशामुक्ति अभियान
जीविका दीदियों ने गांव की कई जमीनी समस्याओं को भी सामने रखा और कुछ प्रमुख मांगें रखीं:
• किशोरियों एवं महिलाओं के लिए मुफ्त सैनिटरी पैड की उपलब्धता।
• निजी बैंकों की सुविधा प्रदान करना, ताकि आर्थिक लेन-देन में सहूलियत हो।
• तीन वर्ष से कम उम्र के बच्चों के कुपोषण को दूर करने हेतु आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से विशेष अभियान चलाना।
प्रखंड परियोजना प्रबंधक ने इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी साझा की गई, मुख्यमंत्री का संदेश पत्र पढ़ा गया और सूचनात्मक लीफलेट्स का वितरण किया गया। यह महिला संवाद कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं में जागरूकता, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक सशक्त प्रयास बनकर उभर रहा है।