BANKA NEWS: बांका जिला फिर से लोक सेवा प्रदायगी में राज्य के अव्वल जिलों में काबिज

बांका:- बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम 2011 के तहत आमजनों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की प्रदायगी सुनिश्चित करने में बांका जिला ने फिर से अपनी प्रतिष्ठा कायम रखी है। जिले के युवा और ऊर्जावान जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार के उत्कृष्ट नेतृत्व और दूरदर्शी मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप, बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी (सामान्य प्रशासन विभाग), बिहार सरकार द्वारा सितंबर 2024 की जारी रैंकिंग में बांका जिला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। यह रैंकिंग समय सीमा के भीतर सेवा प्रदायगी, दायर अपीलों का निष्पादन, अधिरोपित दंड राशि की वसूली, और लोक सेवा केंद्रों के निरीक्षण जैसे मापदंडों पर आधारित होती है। सितंबर 2024 में बांका को कुल 100 अंकों में से 89.977 अंक प्राप्त हुए।
आम जनों को समय पर सेवा प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार प्रत्येक माह लोक सेवकों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित करते हैं, जिससे लोक सेवाओं की प्रदायगी में लगातार सुधार सुनिश्चित हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सेवाओं में देरी या लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। समय सीमा का उल्लंघन करने पर संबंधित लोक सेवकों पर अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह उपलब्धि जिला प्रशासन की समर्पण और आम नागरिकों के प्रति उनकी सेवा भावना का प्रमाण है। यह सफलता न केवल बांका की प्रशासनिक क्षमता को दर्शाती है, बल्कि इसे राज्य के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनाती है। बांका जिला की यह निरंतरता यह सुनिश्चित करती है कि लोक सेवाओं की प्रदायगी में उत्कृष्टता बनाए रखते हुए, प्रशासन आम जनता के जीवन को सुगम और संतुष्टिपूर्ण बनाने के अपने लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा कर रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट: कुमार चंदन।